Monday, 16 June 2014

उम्र महज 10 साल और बना डाले 276 क्ले मॉडल। लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है नाम। जानिए कौन है ये...

झांसी. ''परिंदों को मंजिल मिलेंगी यकीनन, ये फैले हुए उनके पर बोलते हैं। वही लोग रहते हैं खामोश अक्सर, जमाने में जिनके हुनर बोलते हैं।'' बेहद कम बोलने वाले अमीक खान पर ये लाइन बिल्कुल सटीक बैठती है। वह देश के पहले क्ले मॉडलर हैं। बॉलीवुड की कोरियोग्राफर फराह खान, सिंगर अन्नू मलिक, कॉमेडी की रानी भारती और कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी सहित कई मशहूर हस्तियां इनके हुनर के कायल हैं।
 
अमीक अपनी हुनर का जादू कई टीवी शो में भी दिखा चुके हैं। 9 जून, 2011 को इन्होंने सोनी टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले शो 'इंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा' में हिस्सा लिया था। उनकी प्रतिभा को देखकर इस शो के जज फराह खान और अन्नू मलिक हैरान रह गए थे। अमीक ने इस शो में खूब वाहवाही बटोरी थी। 
 
9वीं क्लास के छात्र अमीक क्ले मिट्टी से किसी भी तरह की आकृति महज चंद मिनटों में बनाने में माहिर हैं। महज 10 साल की उम्र में 276 क्ले मॉडल बनाने के लिए 2008 में उनका नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। इनके द्वारा बनाए गए कई क्ले मॉडल झांसी के राजकीय म्यूजियम में रखे गए हैं।
 
दादी की देन है अमीक का हुनर
 
जब अमीक दो साल के थे, तब उन्हें रोने से चुप कराने के लिए उनकी दादी अक्सर गीला आटा दे देती थीं। वह आटा पाकर शांत हो जाते थे और इससे खेल-खेल में आकृति बना देते। यह सिलसिला कई साल तक चला और उन्हें इसकी लत लग गई।
 
वह एक बार में दो-दो किलो आटा बर्बाद करने लगे। इससे परिजन परेशान हो गए। उन्हें अपने पड़ोसी से क्ले मिट्टी के बारे में पता चला। बस फिर क्या था क्ले मिट्टी हाथ लगते ही अमीक ने सफलता का ऐसा सफर शुरू किया, जो अब तक जारी है।

No comments:

Post a Comment